मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ जिले के पोरसा नगर पालिका सब्जी मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अवधेश सिंह सेंगर पर एक दुकानदार ने अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद नगर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
दुकानदार के साथ सीएमओ ने किया अभद्र व्यवहार
जानकारी के अनुसार नगर पालिका की टीम सब्जी मंडी क्षेत्र के पीछे संचालित मीट एवं मछली की दुकानों पर अतिक्रमण हटाने और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच के लिए पहुंची थी। इसी दौरान मीट मंडी में व्यवसाय कर रहे एक दुकानदार ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान जब उसका सामान जब्त किया जा रहा था, और उसने उसे वापस मांगा, तो सीएमओ ने उसके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और उसकी कॉलर पकड़ ली। दुकानदार का यह भी कहना है कि बाद में उसका ठेला भी जब्त कर लिया गया।
लंबे समय से व्यापार करने की कही बात
दुकानदार के अनुसार वह लंबे समय से उक्त स्थान पर नियमानुसार व्यवसाय कर रहा है, बावजूद इसके उसके साथ नियमों के विपरीत व्यवहार किया गया। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी कार्रवाई का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि दुकानदार के आरोप सही हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले में नगर पालिका का रुख
नगर पालिका की ओर से कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही थी और अवैध रूप से संचालित दुकानों का सामान जब्त किया गया है। वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तथ्यों की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल यह मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है, और लोग निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


