आलीराजपुर/कुलदीप खराड़ीया/खबर डिजिटल/ जिले की रामसिंह चौकी अंतर्गत जिला पंचायत कार्यालय के समीप स्थित पटेल फलिया क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही सड़क समस्या के समाधान की दिशा में एक सराहनीय और ऐतिहासिक पहल सामने आई है। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष, सामाजिक कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि महेश पटेल ने अपनी निजी निधि से 1 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य कराने का निर्णय लेते हुए विधिवत भूमि पूजन किया।
कठिनाईयों से ग्रामीणों को मिलेगी मुक्ति
पटेल फलिया क्षेत्र में लंबे समय से कच्ची एवं जर्जर सड़क के कारण ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर स्कूली बच्चों, बीमार मरीजों, गर्भवती महिलाओं एवं बुजुर्गों के लिए आवागमन एक गंभीर समस्या बना हुआ था। कई बार शासन-प्रशासन से मांग किए जाने के बावजूद सड़क स्वीकृत नहीं हो सकी।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
जनहित की इस गंभीर समस्या को देखते हुए महेश पटेल ने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए स्वयं के संसाधनों से सड़क निर्माण का संकल्प लिया, जो क्षेत्र में जनसेवा की एक प्रेरणादायी मिसाल बन गया है। भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं आदिवासी विकास परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उत्साह और विश्वास का वातावरण देखने को मिला।
बोले – महेश पटेल और मुकेश रावत
इस अवसर पर महेश पटेल रावत ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना मेरी प्राथमिकता है। जनता को सुविधा मिले, यही मेरा उद्देश्य है। सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित जयस प्रभारी मुकेश रावत ने कहा कि यह हमारा दुर्भाग्य रहा कि वर्षों से शासन से मांग करने के बावजूद यह सड़क स्वीकृत नहीं हो पा रही थी। अंततः हमारे गांव पटेल फलिया (घोड़ापाटी) के ग्रामीणों की श्री महेश पटेल से मुलाकात हुई। उन्होंने बिना किसी देरी के इस सड़क की सौगात देकर गांववासियों का सपना पूरा कर दिया।”ग्रामीणों ने इस जनहितैषी पहल के लिए महेश पटेल फ़ुलमालाओ स्वागत कर आभार व्यक्त किया और इसे रामसिंह चौकी क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।


