बड़वानी/संदीप कुशवाह/खबर डिजिटल/ जिले की पलसूद थाना पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 500-500 रुपए के कुल 98 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत 49 हजार रुपए है, बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने एक कलर प्रिंटर और एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया है। पूरे मामले का खुलासा जिला पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने किया।
नकली नोटों के परिवहन की मिली सूचना
गुरुवार को पलसूद थाने में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी जगदीश डावर ने बताया कि थाना प्रभारी को मुखबिर से नकली नोटों के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान मटली की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन को रोका गया। वाहन में सवार दो युवकों भागीरथ कनौजे और गोविंद की तलाशी लेने पर दोनों की जेब से 500 रुपए के 98 नकली नोट बरामद हुए।
मुख्य आरोपी ने उगला राज
पूछताछ में मुख्य आरोपी भागीरथ कनौजे ने पुलिस को बताया कि वह सिलावद में एक ऑनलाइन कियोस्क सेंटर चलाता है। उसने यूट्यूब से नकली नोट बनाने का तरीका सीखा और अपने कियोस्क सेंटर में लगे फोटोकॉपी वाले कलर प्रिंटर से नकली नोट छापे। आरोपी इन नकली नोटों को बाजार में चलाने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से जब्त की सामग्री
पुलिस ने आरोपी भागीरथ के कियोस्क सेंटर से कलर प्रिंटर और कुछ अधूरे नकली नोट भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे आगे की पूछताछ जारी है।


