मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ जिले के अम्बाह कस्बे में लोगों की जान से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक मेडिकल स्टोर पर एक्सपायरी डेट की दवाइयाँ बेचने का आरोप लगा है। मामला पूजा मेडिकल स्टोर से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां कथित तौर पर ग्राहकों को एक्सपायर दवाइयाँ दी जा रही थीं।
एक्सपायर्ड दवा को लेकर की शिकायत
जानकारी के अनुसार एक फरियादी ने जब मेडिकल स्टोर संचालक से एक्सपायर्ड दवा को लेकर शिकायत की तो विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
संचालक पर असावधानी का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूजा मेडिकल स्टोर पर इससे पहले भी अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई हो चुकी है, इसके बावजूद संचालक द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मेडिकल स्टोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्वास्थ्य विभाग से कार्रवाई की मांग
अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो और शिकायत सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषी पाए जाने पर कब तक कार्रवाई करता है। क्षेत्र की जनता स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रही है।


