सीहोर/संजय त्यागी/खबर डिजिटल/ जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याएं और जनहित के मुद्दे उठाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही हैं, जो भाजपा के दबाव में की गई कार्रवाई है।
अभिषेक पाटीदार पर हुई एफआईआर
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब ब्रिज कॉरपोरेशन के खिलाफ कांग्रेस ने आंदोलन किया, तब कांग्रेस कार्यकर्ता अभिषेक पाटीदार पर एफआईआर दर्ज कर दी गई। वहीं, सितंबर माह में भाजपा के बड़े नेताओं द्वारा कांग्रेस कार्यालय में आकर की गई गुंडागर्दी के दौरान, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उल्टा कांग्रेस कार्यकर्ता पंकज शर्मा पर ही एफआईआर दर्ज कर दी गई।
एनएसयूआई के छात्रों पर हुई एफआईआर
उन्होंने आगे बताया कि हाल ही में जिले के एक अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य रोहितास शर्मा द्वारा छात्राओं पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में जब एनएसयूआई के छात्रों ने आवाज उठाई, तो उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर दी गई।
राजीव गुजराती ने उठाया सवाल
राजीव गुजराती ने भाजपा नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि क्या वे प्राचार्य रोहितास शर्मा द्वारा छात्राओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का समर्थन करते हैं। उन्होंने प्राचार्य को तत्काल पद से हटाने की मांग की और स्पष्ट कहा कि कांग्रेस इन एफआईआर से डरने वाली नहीं है और आगे भी जनता के मुद्दे उठाती रहेगी।


