इंदौर/आलीराजपुर/खबर डिजिटल/ इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी के सेवन से 20 नागरिकों की मौत के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा पलासिया चौराहे पर शुरू किया गया साप्ताहिक क्रमिक भूख हड़ताल एवं सत्याग्रह दूसरे दिन भी जारी रहा।
आलीराजपुर युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने किया अनशन
सत्याग्रह के दूसरे दिन आलीराजपुर युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुष्पराज रावत पटेल इंदौर पहुंचे और स्वयं अनशन पर बैठकर आंदोलन में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक युवा कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
प्रशासन की दिखाई दी घोर लापरवाही
युवा कांग्रेस ने इस घटना को प्रशासन की घोर और जानलेवा लापरवाही का परिणाम बताया। संगठन का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते 20 परिवारों को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ी है, जिसकी जिम्मेदारी सरकार को लेनी होगी।
युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें
प्रत्येक मृतक के परिवार को 1 करोड़ का मुआवजा दिया जाए।
नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तत्काल इस्तीफा दें।
दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए।
युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आगामी चरण में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे मौजूद
इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी शिवि चौहान सहित युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
