Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशभोपाल: सड़क पर 5 फीट चौड़ा और 15 फीट लंबा गड्ढा… पुलिया...

भोपाल: सड़क पर 5 फीट चौड़ा और 15 फीट लंबा गड्ढा… पुलिया धंसने के बाद बड़ा हादसा टला

सिस्टम पर फिर उठे सवाल

भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ भोपाल जिले के खामखेड़ा इलाके में बनी सड़क की एक पुलिया का करीब 15 फीट हिस्सा धंस गया। बारिश के दौरान पुलिया का आधा भाग एक तरफ से बैठ जाने के कारण सड़क पर करीब 5 फीट चौड़ा और 15 फीट लंबा गड्ढा बन गया है, जिससे राहगीरों की जान पर खतरा मंडरा रहा है।ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिया में यह गहरा गड्ढा पिछले करीब तीन महीनों से बना हुआ है, लेकिन अब तक कोई ठोस मरम्मत नहीं की गई। हालात इतने खराब हैं कि दोपहिया और चारपहिया वाहन कभी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं।

बाइक का पहिया धंसा, मैजिक गिरने से बची
ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में एक बाइक सवार का पहिया गड्ढे में धंस गया, जबकि एक मैजिक वाहन भी असंतुलित होकर गिरने से बाल-बाल बची। स्थानीय लोगों की मदद से बाइक सवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जिपं उपाध्यक्ष ने मौके पर बनाया वीडियो
ग्रामीणों की शिकायत के बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहनसिंह जाट पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्से को देखने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके का वीडियो भी बनाया। इसी दौरान उनके सामने ही एक बाइक सवार गड्ढे में गिर गया, जिसे तुरंत बचा लिया गया। गनीमत रही कि कोई गंभीर चोट नहीं आई।

पीडब्ल्यूडी ने बनाई थी सड़क
बताया जा रहा है कि खामखेड़ा में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा करीब 2 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई गई थी, इसी सड़क पर यह पुलिया स्थित है। बारिश के दौरान कमजोर निर्माण के चलते पुलिया का एक हिस्सा धंस गया।

जिला पंचायत बैठक में भी उठा मामला
पुलिया की खराब स्थिति का मुद्दा जिला पंचायत की बैठक में भी उठाया गया। इस पर अधिकारियों ने जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट