उमरिया/ केजी पांडेय/ खबर डिजिटल/ जिले में शिक्षा व्यवस्था की मर्यादा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर धरणेन्द्र जैन के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पड़वार में कार्यरत चार अतिथि शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से कार्य से पृथक करने के आदेश जारी किए गए हैं।
प्राचार्य निलंबित, विभागीय अनुमति की अनदेखी
इतना ही नहीं, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राघवेन्द्र शरण गौतम को भी निलंबित कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा विभागीय अनुमति के बिना स्कूल में अध्ययनरत छात्रों को बाहर निकालकर पड़वार में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल कराया गया।

छात्रों को राजनीतिक आंदोलन में ले जाने का आरोप
प्रशासन के अनुसार यह धरना-प्रदर्शन कांग्रेस नेताओं द्वारा आयोजित किया गया था। विद्यालय के चार अतिथि शिक्षक और प्राचार्य छात्रों को पढ़ाई के समय आंदोलन स्थल पर ले गए, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
अनुशासनहीनता पर सख्त संदेश
कलेक्टर ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक संस्थानों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखना अनिवार्य है और भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।



