भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में आज खेलो एमपी यूथ गेम्स का राज्यस्तरीय शुभारंभ भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस अवसर पर खेल मंत्री विश्वास सारंग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मंत्री चेतन कश्यप, मंत्री उदय प्रताप सिंह, मंत्री गोविंद राजपूत, मंत्री तुलसी सिलावट, राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक विष्णु खत्री, मध्यप्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना, भोपाल महापौर मालती राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

10 संभागों के खिलाड़ियों ने किया मार्चपास्ट
प्रदेश के 10 संभागों से आए खिलाड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान खिलाड़ियों को अनुशासन, ईमानदारी और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई।
खेल मंत्री विश्वास सारंग का संबोधन
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में विकास की धारा बहाई है, उसी तरह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स में पूरे प्रदेश से एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया है। दो वर्ष पूर्व प्रदेश खेलों में 16-17वें स्थान पर था, जो अब तीसरे स्थान तक पहुंच गया है। हर विधानसभा में बड़े खेल परिसर विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने किया खेल महाकुंभ का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मोबाइल की लाइट जलाकर कार्यक्रम का प्रतीकात्मक शुभारंभ किया और खेलो एमपी यूथ गेम्स को खेल महाकुंभ बताते हुए विधिवत शुरुआत की घोषणा की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


