हरदा/ नौशाद खान/ खबर डिजिटल/ सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) की तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत का 10.89 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी
थाना प्रभारी निरीक्षक आर.एस. तिवारी के नेतृत्व में 30 जनवरी 2026 की रात पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम में सउनि संजय ठाकुर, प्रधान आरक्षक करण साहू, आरक्षक वीरेन्द्र राजपूत, सैनिक सूरज पासी और संतोष ओझा शामिल रहे। सूचना के आधार पर भैरो बाबा मंदिर, एलबीएस कॉलेज रोड पर एक संदिग्ध फोर्ड फीगो कार की घेराबंदी की गई।
तलाशी में मिला मादक पदार्थ
कार की तलाशी के दौरान उसमें मौजूद हेमंत पिता दीपक सेन (25), निवासी झालवा, को हिरासत में लिया गया। उसकी जामा तलाशी में पारदर्शी पन्नी में रखी 10.89 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। बरामद पदार्थ की अनुमानित कीमत 2.20 लाख रुपये बताई गई है।
कार और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ के साथ करीब 3 लाख रुपये कीमत की कार और एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया। कुल जब्ती माल का मूल्य लगभग 5.30 लाख रुपये आंका गया है।
सप्लायर की तलाश जारी
पूछताछ में आरोपी ने ग्राम अजनास निवासी विष्णु नामक व्यक्ति से ड्रग्स खरीदने की बात स्वीकार की। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 34/2026 धारा 08/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल हरदा भेज दिया गया है।


