शिवपुरी/अनुज बालोठिया/ खबर डिजिटल/ जिले के बैराड़ थाना पुलिस ने शनिवार को क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई बैराड़ से करीब पांच किलोमीटर दूर भौंराना तिराहे पर की गई, जहां पुलिस बल ने आने-जाने वाले वाहनों को रोककर गहन जांच की।
अभियान के दौरान कई वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। अचानक हुई सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही और अधिकांश लोग सतर्क नजर आए। संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की विशेष रूप से तलाशी ली गई।
प्रशासन द्वारा नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चला रही है। हाल ही में सड़क पर शराब सेवन और रात्रि में हुड़दंग मचाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई थी, क्योंकि ऐसे कृत्य अपराध को बढ़ावा देते हैं।
थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। अभियान के दौरान बैराड़ थाने का पुलिस बल मौजूद रहा।
