रीवा/ अरविंद तिवारी/ खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सोमवार तड़के शौच के लिए गई एक किशोरी का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
घात लगाकर किया अपहरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार अलसुबह की है। पीड़िता नित्य क्रिया के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपी ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान यादव परिवार के एक युवक के रूप में हुई है। किशोरी ने खुद को बचाने का हर संभव प्रयास किया और संघर्ष किया, लेकिन आरोपी उसे जबरन बंधक बनाकर पास के एक सुनसान बगीचे में ले गया।
बगीचे में वारदात को अंजाम
सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए आरोपी ने किशोरी के साथ हैवानियत की और उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। काफी देर तक जब किशोरी घर नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। सूरज ढलने से पहले ही परिजनों ने खेतों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की।
बदहवास हालत में मिली पीड़िता
खोजबीन के दौरान परिजन जब बगीचे की ओर पहुंचे, तो वहां किशोरी अत्यंत नाजुक और बदहवास हालत में पड़ी मिली। परिजन उसे तुरंत घर ले आए, जहां उसने आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन सीधे थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
रायपुर कर्चुलियान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और अपहरण की धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
