मुंबई : भारत के प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा ने आज अपने विशिष्ट कार्यक्रम ‘लीडरशिप इन एक्शन’ का आयोजन किया, जिसमें खेल जगत के महानतम खिलाड़ी और बैंक के ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर श्री सचिन तेंदुलकर मुख्य आकर्षण रहे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बैंक के भीतर नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना, कर्मचारियों के जुड़ाव को बढ़ाना और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करना था। इस अवसर पर बैंक के निदेशक मंडल और कॉर्पोरेट कार्यालय सहित सभी अंचलों के वरिष्ठ कार्यपालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सचिन तेंदुलकर ने नेतृत्व और कॉर्पोरेट प्रबंधन पर अपने गहरे विचार साझा किए। एक विशेष सवाल-जवाब सत्र में उन्होंने क्रिकेट के मैदान की सीखों को कॉर्पोरेट जगत से जोड़ते हुए बताया कि निरंतरता, दबाव में सटीक निर्णय लेने की क्षमता और अनुशासन ही एक सफल लीडर की पहचान है। तेंदुलकर ने जोर दिया कि टीम वर्क और मूल्यों पर आधारित कार्य-शैली केवल खेल में ही नहीं, बल्कि बैंकिंग जैसे प्रतिस्पर्धी व्यावसायिक क्षेत्रों में भी स्थायी सफलता की नींव रखती है।
प्रतिभा को सराहने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, बैंक ने इस मंच पर अपने शीर्ष 10 क्षेत्रीय प्रमुखों और सभी 25 अंचल प्रमुखों को सम्मानित किया। इन अधिकारियों को उनके लगातार शानदार व्यावसायिक प्रदर्शन, कुशल मानव संसाधन प्रबंधन और ग्राहक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पुरस्कृत किया गया। बैंक का यह कदम एक ऐसी कार्य-संस्कृति विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है जहाँ योग्यता और समर्पण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।
बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य महाप्रबंधक (मा.सं.प्र. और विपणन), श्री शैलेंद्र सिंह ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सचिन तेंदुलकर जैसे वैश्विक आइकन के साथ यह संवाद बैंक की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि अनुशासन और टीम वर्क के जरिए बैंक न केवल व्यावसायिक लक्ष्यों को प्राप्त करेगा, बल्कि एक ऐसी कार्य-संस्कृति का निर्माण करेगा जहाँ प्रत्येक कर्मचारी गर्व और ऊर्जा के साथ योगदान दे सके।
