रीवा/अरविंद तिवारी/खबर डिजिटल/रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर दुअरा गांव निवासी एक वाहन स्वामी ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उसकी चोरी गई मैक्स पिकअप वाहन उसे पूर्ण रूप से सुपुर्द नहीं की जा रही है।
टोल प्लाजा से मिली जानकारी
जानकारी के अनुसार, भगवानपुर दुअरा गांव निवासी लाल चंद्रगुप्त (54) का पिकअप वाहन दिसंबर माह में चोरी हो गया था। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद भी पुलिस ने 26 जनवरी को मामला दर्ज किया। इसी दौरान उनके मोबाइल पर टोल प्लाजा पार होने का मैसेज आया, जिसके बाद उन्होंने संबंधित टोल प्लाजा पहुंचकर जानकारी जुटाई।
पुलिस पर लगा लापरवाही का आरोप
पीड़ित ने उत्तर प्रदेश सीमा से लगे कई क्षेत्रों में जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने वाहन की पहचान की। उन्होंने यह फुटेज पुलिस को सौंपे, जिसके आधार पर पुलिस कथित तौर पर चोरी करने वाले गिरोह तक पहुंची। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि मामले में कई लोग शामिल थे, जिनमें से कुछ ने वाहन का स्वरूप बदलने के वीडियो सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किए थे, लेकिन पुलिस ने केवल एक व्यक्ति को आरोपी बनाया और बाकी को छोड़ दिया।
वाहन सुपुर्द करने के दिए निर्देश
वाहन बरामद होने के बाद अब पुलिस द्वारा केवल चेसिस (ढांचा) वाहन स्वामी को सौंपने की बात कही जा रही है। पीड़ित का आरोप है कि वाहन में लगा डीजे सेटअप निकाल लिया गया है। जब वह थाना प्रभारी और विवेचक से संपर्क करता है तो उसे बताया जाता है कि मजिस्ट्रेट द्वारा डीजे सेट अलग कर वाहन सुपुर्द करने के मौखिक निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट
स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट पीड़ित न्यायालय के आदेश की प्रति और सीसीटीवी फुटेज लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
