छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के Madhya Pradesh के Chhindwara शहर में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार युवती की एक युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी। कुछ समय तक बातचीत के बाद युवक ने युवती को छिंदवाड़ा के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि युवक अपने एक दोस्त के साथ युवती को होटल लेकर पहुंचा, जहां उसे बीयर पिलाई गई। युवती के नशे की हालत में होने का फायदा उठाकर दोनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी युवती के एक परिचित को मिलने पर वह होटल पहुंचा और युवती को कोतवाली थाने ले जाया गया। बताया जा रहा है कि उस समय युवती अत्यधिक नशे में थी, जिसके चलते पुलिस को प्रारंभिक बयान दर्ज करने में कठिनाई हुई। बाद में युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने मीडिया से चर्चा में बताया कि युवती की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, वहीं दूसरे की तलाश जारी है। होटल संचालक का रजिस्टर जब्त कर लिया गया है तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


