भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ होली के त्योहार को लेकर पुलिस पूरी तरह से तैयार है। भोपाल पुलिस ने जनता को सतर्क करने के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। होली के मौके पर फर्जी ‘होली ऑफर’, ‘लकी ड्रॉ’ और ‘गिफ्ट लिंक’ के नाम पर ऑनलाइन ठगी के मामले बढ़ सकते हैं। साइबर अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब हो सकते हैं, जिसके चलते पुलिस ने चेताया है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें। विशेष रूप से डिजिटल पेमेंट करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
डिजिटल लेन-देन में रखें पूरा ध्यान
आजकल डिजिटल पेमेंट का दौर है, ऐसे में किसी भी तरह के UPI या QR कोड को स्कैन करने से पहले तय कर लें कि वो विश्वसनीय है या नहीं। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN या पासवर्ड साझा न करें। साइबर ठग बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी या किसी डिपार्टमेंट के अधिकारी बनकर कॉल रहे हैं, और गोपनीय जानकारी मांगते हैं। पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा है कि ऐसी किसी भी कॉल या मैसेज पर तुरंत फोन को काट दें और जानकारी को साझा करने से इनकार दें।
भड़काऊ पोस्ट से बचने की दी सलाह
फिलहाल होली के साथ-साथ रमजान का महीना भी चल रहा है, इसीलिये साइबर पुलिस की पूरी नजर सोशल मीडिया पर बनी हुई है, शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और पेट्रोलिंग के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है कि किसी भी तरह की विवाद की स्थिति निर्मित ना हो। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं और किसी भी तरह के विवाद से बचें।
संदिग्ध गतिविधि पर रखें पूरी नजर
पुलिस ने आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है, किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की जानकारी मिलती है, तो तुरंत संबंधित थाने या साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें। जिसके लिए भोपाल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 9479990636 या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। जिसके चलते आम व्यक्ति अपराधियों से होने वाले नुकसान से बच सकता है और पुलिस भी त्वरित कार्रवाई कर सकती है।


