MLA Bhawna Bohra : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले की पंडरिया विधानसभा विधायक भावना बोहरा के गृह ग्राम रणवीरपुर में महतारी वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और भाजपा की महिला पदाधिकारी शामिल हुईं।
महिलाओं का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। साथ ही महिला समूहों और आंगनबाड़ी की उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की ग्रामीण महिलाएं भी बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।
बच्चियों को दे संस्कार : भावना बोहरा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज और देश के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बच्चियों को अच्छे संस्कार देना आवश्यक है, क्योंकि घर से मिले संस्कार ही जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
भावना बोहरा ने साझा किया अनुभव
विधायक भावना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज वे जिस मुकाम पर पहुंची हैं, उसके पीछे परिवार से मिले संस्कार और संघर्ष की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों और संघर्षों का सामना करके ही सफलता हासिल की जा सकती है।
अन्नप्राशन संस्कार आयोजन
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए, जहां उपस्थित महिलाओं को योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही कार्यक्रम में अन्नप्राशन संस्कार का भी आयोजन किया गया, जिसमें छोटे बच्चों को अन्न ग्रहण कराया गया। इसके अलावा एलईडी स्क्रीन पर महिलाओं ने वर्चुअल सीएम साय का संबोधन भी सुना।


