झाबुआ/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/जल जीवन मिशन में कथित भ्रष्टाचार और कृषि से जुड़ी समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय किसान संगठन का आंदोलन लगातार जारी है। सोमवार से शुरू हुआ यह धरना मंगलवार को भी जारी है और आंदोलनकारी किसानों ने रात भी धरना स्थल पर ही बिताई।
किसानों ने आंदोलन की गंभीरता दिखाते हुए पीएचई कार्यालय के बाहर ही चूल्हा जलाकर भोजन तैयार किया और सामूहिक रूप से वहीं भोजन किया। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना इसी तरह जारी रहेगा।
सोमवार को किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर नेहा मीना से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए और जांच के लिए किसानों से उन स्थानों की सूची मांगी जहां गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई हैं।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे परमजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को भी आंदोलन जारी है और किसान अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।


