Yogi Cabinet Meeting : उत्तरप्रदेश में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। यह बैठक सुबह 11 बजे लोक भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक में एक दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा होने के साथ कई अहम फैसले लिए जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना
कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना 2026 को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 हजार गांवों तक बस सेवा पहुंचाने की योजना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज
बैठक में यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा देने से जुड़ा प्रस्ताव भी रखा जा सकता है। इसके लागू होने से शिक्षकों को इलाज के दौरान आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
डेयरी और सुरक्षा
सरकार 20 हजार लीटर क्षमता वाली डेयरी इकाइयों की स्थापना को लेकर भी निर्णय ले सकती है। इसके अलावा PAC के लिए 46 नई गाड़ियों की खरीद के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा।
सरकारी कर्मचारियों के नियमों में बदलाव
राज्य कर्मचारियों से जुड़े एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। प्रस्ताव के अनुसार यदि कोई सरकारी कर्मचारी एक कैलेंडर वर्ष में छह माह के मूल वेतन से अधिक राशि शेयर, स्टॉक या अन्य निवेश में लगाता है, तो उसे इसकी जानकारी संबंधित प्राधिकरण को देना अनिवार्य होगा। इसके लिए सरकारी कर्मचारियों की आचरण नियमावली 1956 में संशोधन का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही यदि कोई कर्मचारी दो माह के मूल वेतन से अधिक मूल्य की चल संपत्ति की खरीद या लेन-देन करता है, तो उसे तुरंत इसकी सूचना देनी होगी।
कानपुर में गंगा पर बनेगा चार लेन का पुल
कैबिनेट बैठक में कानपुर की ट्रांस गंगा सिटी को शहर से जोड़ने के लिए गांगा नदी पर चार लेन पुल बनाने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इसके अलावा भारतीय स्टाम्प अधिनियम के तहत दान पत्र पर स्टाम्प शुल्क में संशोधन पर भी चर्चा होने की संभावना है।


