Aarti Singh Resigns : बलरामपुर जिले में कांग्रेस के अंदर जारी असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। बदलरामपुर जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले भी जिला महामंत्री सहित करीब 10 पदाधिकारी इस्तीफा दे चुके है।
कार्यकारिणी को लेकर असंतोष
बताया जा रहा है कि हाल ही में घोषित नई जिला कार्यकारिणी को लेकर पार्टी के अंदर असंतोष बढ़ गया है। कई पदाधिकारियों का आरोप है कि नई कार्यकारिणी में परिवारवाद को बढ़ावा दिया गया है और समर्पित व पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। यह नियुक्तियां 2 मार्च को प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की अनुशंसा पर की गई थीं।
आरती सिंह का इस्तीफा
अपने इस्तीफे में आरती सिंह ने लिखा है कि जिले में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर घोषणा के बाद से ही विरोध शुरू हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक समन्वय बनाने की कोशिशों के बावजूद जिलाध्यक्ष की ओर से वरिष्ठ नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं से कोई संवाद नहीं किया गया।
आरती सिंह के आरोप
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष के चयन में कार्यकर्ताओं की मांगों को नजरअंदाज किया गया। साथ ही ऐसे लोगों को भी कार्यकारिणी में जगह दी गई, जिन्हें पहले पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित किया गया था। इससे समर्पित कार्यकर्ताओं का अपमान हुआ है और पार्टी के भीतर आक्रोश बढ़ा है।
संगठन में समन्वय की कमी : आरती सिंह
आरती सिंह ने अपने पत्र में यह भी कहा कि जिले में संगठन के भीतर समन्वय की कमी के कारण कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष बढ़ रहा है, जिससे पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि पद छोड़ने के बावजूद वह एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करती रहेंगी।



