सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी–कटनी जिले में निजी जमीन पर बनाई गई बाउंड्रीवाल को तोड़े जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ दबंगों ने करोड़ों रुपये की पैतृक जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को रुकवाने के लिए पहले मजदूरों को धमकाया और बाद में मौके पर पहुंचकर बनाई गई बाउंड्रीवाल को तोड़ दिया। पीड़ित पक्ष ने पूरे मामले की शिकायत प्रशासन से करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार मामला माधवनगर थाना क्षेत्र का है। बरगवां निवासी पैट्रिक डन ने कटनी के एडीएम और तहसीलदार को लिखित शिकायत सौंपकर बताया कि उनकी पैतृक जमीन एलआईसी ऑफिस के पीछे स्थित है, जिसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। जमीन खसरा नंबर 209, 210 और 211 में दर्ज है, जो पटवारी हल्का बरगवां, तहसील कटनी नगर, जिला कटनी में आती है।शिकायतकर्ता का कहना है कि वह उक्त जमीन के वैध मालिक और कब्जाधारी हैं। जमीन की सुरक्षा के उद्देश्य से वहां बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात असामाजिक तत्व लगातार निर्माण स्थल पर पहुंचकर मजदूरों को धमका रहे थे और काम बंद कराने का दबाव बना रहे थे।पीड़ित पक्ष के मैनेजर ने आरोप लगाया है कि आरोपियों द्वारा पैसे की मांग भी की जा रही थी। रकम न देने पर निर्माण कार्य रुकवाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही थी। इसके बावजूद जब बाउंड्रीवाल का निर्माण पूरा हो गया, तो आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर दीवार को तोड़कर गिरा दिया।घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।अब देखना होगा कि इस मामले में जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है और दोषियों पर कब तक कार्रवाई होती है।
करोड़ों की जमीन पर कब्जे की कोशिश? बनी बाउंड्रीवाल को किया धराशायी
सम्बंधित ख़बरें


