Asmi Bharti Satna : सतना की होनहार खिलाड़ी अस्मि भारती ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अस्मि का चयन जूनियर गर्ल्स वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है। अस्मि अब प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रदेश की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
ताशकंद में होगा मुकाबला
यह प्रतियोगिता उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में 12 से 17 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी, जहां अस्मि भारती भारत की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
राष्ट्रीय स्तर पर कर चुकी शानदार प्रदर्शन
अस्मि ने साल 2021 से अपने पिता एवं कोच संदीप भारती के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण शुरू किया था। अस्मि कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर 10 से अधिक स्वर्ण पदक जीतकर अपनी पहचान बना चुकी है।
भोपाल में मिला प्रशिक्षण
पिछले 8 महीनों से अस्मि भोपाल स्थित म.प्र. मार्शल आर्ट अकादमी में कोच जगजीत सिंह माड और अर्जुन सिंह रावत से विशेष प्रशिक्षण ले रही हैं। जनवरी में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद, अस्मि ने सोनीपथ में 13 से 15 मार्च तक हुए फाइनल ट्रायल में भी गोल्ड मेडल हासिल कर वर्ल्ड चैंपियनशिप का टिकट हांसिल किया।
क्या कहती है अस्मि के पिता?
अस्मि के पिता और कोच डॉ. संदीप भारती के अनुसार, उनकी सफलता का सबसे बड़ा कारण उनका अनुशासन और मेहनत है। बचपन से ही उन्हें मार्शल आर्ट और एथलेटिक्स की ट्रेनिंग दी गई, जिसका परिणाम आज सामने है।


