दुनिया का सबसे खुशहाल देश माने जाने वाला Finland इन दिनों एक खास वजह से चर्चा में है. यहां की टूरिज्म एजेंसी ने लोगों को एक अनोखा मौका दिया है, जिसमें वे मुफ्त में इस खूबसूरत देश की सैर कर सकते हैं. यह ऑफर खास तौर पर उन लोगों के लिए है जो नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ साथ सुकून और खुश रहने के तरीके भी सीखना चाहते हैं. इस पहल के तहत कुछ चुनिंदा लोगों को सात दिनों की पूरी तरह फ्री ट्रिप दी जाएगी. इसमें यात्रा, रहने और कई पैकेज का खर्च शामिल होगा. इस ट्रिप का मकसद सिर्फ घूमना नहीं है, बल्कि लोगों को यह समझाना है कि आखिर फिनलैंड के लोग इतने खुश कैसे रहते हैं.
फिनलैंड जाने का मिलेगा मौका
इस ट्रिप के दौरान प्रतिभागियों को Finnish Lakeland ले जाया जाएगा, जो यूरोप के सबसे बड़े झील वाले क्षेत्रों में गिना जाता है. यहां सैकड़ों झीलें, हरियाली से भरे जंगल और शांत वातावरण मिलता है. लोग यहां प्रकृति के बीच समय बिताते हैं, जिससे उन्हें मानसिक शांति और सुकून मिलता है. इस प्रोग्राम में शामिल लोगों को कई खास अनुभव मिलेंगे. वे झील के किनारे सॉना का मजा लेंगे, ठंडे पानी में डुबकी लगाएंगे और जंगलों में सैर करेंगे. इसके अलावा उन्हें यह भी सिखाया जाएगा कि रोजमर्रा की भागदौड़ भरी जिंदगी से थोड़ा हटकर कैसे खुद को रिलैक्स किया जा सकता है. इन लोगों को जून 2026 में इस खास यात्रा का मौका मिलेगा.
कैसे करें अप्लाई
अगर आप इस ट्रिप के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो इसके लिए एक आसान प्रक्रिया रखी गई है. सबसे पहले आपको सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम या टिकटॉक पर एक छोटा सा वीडियो बनाना होगा. इस वीडियो में आपको बताना होगा कि आप इस यात्रा में क्यों जाना चाहते हैं और यह अनुभव आपके लिए कितना खास होगा. इसके बाद आपको ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा, जिसमें आपकी बेसिक जानकारी देनी होगी. ध्यान देने वाली बात यह है कि यह ऑफर सिर्फ इंटरनेशनल टूरिस्ट्स के लिए है. साथ ही आवेदन करने वालों में से कम से कम एक व्यक्ति के पास ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है. आवेदन की आखिरी तारीख 29 मार्च तय की गई है, इसलिए इच्छुक लोगों को समय रहते अप्लाई करना होगा. आवेदन करने की अंतिम तारीख 29 मार्च, 2026 है.
यह भी पढ़ें- Haunted Railway Stations: क्या आपने सुनी हैं इन भूतिया रेलवे स्टेशनों की कहानियां? जानिए सबसे डरावनी जगहें


