Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीबुलेट चोरी के बाद त्वरित कार्रवाई, लेकिन पुलिस की निगरानी पर खड़े...

बुलेट चोरी के बाद त्वरित कार्रवाई, लेकिन पुलिस की निगरानी पर खड़े हुए सवाल

सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— रंगनाथनगर थाना पुलिस द्वारा चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल को 12 घंटे में बरामद करने का दावा जरूर किया जा रहा है, लेकिन इस पूरे मामले ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 मार्च को मदन मोहन चौबे वार्ड निवासी राजेश कुमार तिवारी की बुलेट मोटरसाइकिल घर के बाहर से चोरी हो गई थी। बताया गया कि वाहन में चाबी लगी हुई थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी आसानी से बाइक लेकर फरार हो गया। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या शहर में पुलिस की गश्त और निगरानी इतनी कमजोर हो चुकी है कि कोई भी व्यक्ति खुलेआम वाहन लेकर निकल जाए?पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम पटेल को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली, लेकिन यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से ही चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। इसके बावजूद वह खुलेआम घूम रहा था, जो पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की सक्रियता अक्सर घटना के बाद ही नजर आती है। यदि नियमित गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाती, तो शायद ऐसी घटनाओं को पहले ही रोका जा सकता था।हालांकि पुलिस इस कार्रवाई को अपनी सफलता बता रही है, लेकिन हकीकत यह है कि यह मामला लापरवाही, कमजोर निगरानी और अपराधियों पर ढीले नियंत्रण की कहानी भी बयां करता है। अब देखना यह होगा कि पुलिस भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाती है या फिर इसी तरह घटनाओं के बाद कार्रवाई तक ही सीमित रहती है।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट