Dhurandhar Controversy: मध्यप्रदेश के शाजापुर में एक फिल्म में इस्तेमाल की गई कथित आपत्तिजनक भाषा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासी मनोज पुरोहित ने कोतवाली थाने में आवेदन देकर फिल्म ‘धुरंधर-2’ पर आपत्ति दर्ज कराई है।
गाली गलौचा पर आपत्ति्
शिकायतकर्ता का आरोप है कि फिल्म में ऐसे शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिन्हें सामाजिक जीवन में अशोभनीय माना जाता है। उनका कहना है कि जब सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज करने पर आम लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है, तो फिल्मों में इस तरह की भाषा के उपयोग को अनुमति क्यों दी जाती है।
निर्माता-निर्देशक पर कार्रवाई की मांग
मनोज पुरोहित ने पुलिस को दिए आवेदन में फिल्म के निर्माता-निर्देशक आदित्य धर और कलाकारों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने भारतीय दंड संहिता की धाराओं के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मामला दर्ज करने की मांग रखी है।
क्या कहते है मनोज पुरोहित?
शिकायतकर्ता मनोज पुरोहित का कहना है कि फिल्मों के माध्यम से इस प्रकार की भाषा युवाओं के बीच सामान्य बनती जा रही है, जो समाज के लिए गलत संदेश है। उन्होंने फिल्म जगत की मंशा पर भी सवाल उठाते हुए कड़ी कार्रवाई की जरूरत बताई है। बताया गया है कि मनोज पुरोहित ने यह फिल्म शहर के एक मल्टीप्लेक्स में देखी थी, जिसके बाद उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना है कि फिल्म में अश्लील और गाली गलौच की गई है। जिससे उन्हें आपत्ति हुई। मनोज पुरोहित का कहना है कि अगर पुलिस कोई उचित कार्रवाई नहीं करती है, तो वे हाईकोर्ट का रुख करेंगे।
