Weather Update:दिल्ली एनसीआर, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में इन क्षेत्रों में बारिश और गरज के साथ आंधी देखने को मिल सकती है. मौसम में यह बदलाव लोगों को गर्मी से कुछ राहत देगा, लेकिन इसके साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं, इसलिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
कहां कहां होगी बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से यह बदलाव देखने को मिल रहा है. इसके प्रभाव से आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. खासतौर पर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है. वहीं उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में भी मौसम इसी तरह का रह सकता है. दक्षिण भारत के राज्यों की बात करें तो वहां भी मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं है. कुछ इलाकों में पहले से ही बारिश हो रही है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है. केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और रुक रुक कर बारिश हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
एमपी में कैसा रहेगा मौसम
वहीं मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में जहां धूप है, वहीं कुछ में बादल जैसी स्थिति बनी हुई है. कई शहरों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग ने 27 और 28 मार्च को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि कई जगहों पर गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है. ऐसे में खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए. खासकर खेतों में काम कर रहे किसानों और बाहर यात्रा कर रहे लोगों को मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में होगी बारिश
दिल्ली एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था. लेकिन अब बारिश की संभावना से मौसम सुहावना हो सकता है. हालांकि तेज हवाओं की वजह से पेड़ गिरने या बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव कुछ दिनों तक बना रह सकता है. इसके बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. इसलिए लोगों को बदलते मौसम के अनुसार अपनी दिनचर्या में बदलाव करने की जरूरत है.


