सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी
कार्रवाई एक तरफ, दूसरी ओर बड़े स्तर पर जारी अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई नहीं
कटनी4अप्रैल — नगर निगम प्रशासन ने शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दो स्थानों पर बुलडोजर कार्रवाई की, लेकिन इसी बीच कई अन्य स्थानों पर खुलेआम जारी अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई न होने से निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।शुक्रवार को निगम अमले ने बाल गंगाधर तिलक वार्ड के ट्रांसपोर्ट नगर एवं साईं मंदिर के पीछे संचालित अवैध प्लाटिंग पर जेसीबी मशीन चलाकर निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित कालोनी सेल और अतिक्रमण अमला मौजूद रहा।कालोनी सेल अधिकारी एवं कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह के अनुसार, निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि बिना वैध अनुमति विकसित किए जा रहे प्लॉटों को चिन्हित कर अवैध संरचनाओं को हटाया गया है। संबंधित भू-मालिकों को पूर्व में नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कदम उठाया गया।निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्लॉट की खरीद से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।हालांकि, निगम की इस कार्रवाई के बीच बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि शहर के अन्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर चल रही अवैध प्लाटिंग पर आखिर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। जानकारी के अनुसार, रपटा नाले के पेट्रोल पंप के सामने कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग धड़ल्ले से जारी है। वहीं दुबे कॉलोनी स्थित आरुष अपार्टमेंट के पीछे भी बड़े स्तर पर प्लॉट काटे जा रहे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन स्थानों पर लंबे समय से अवैध प्लाटिंग का काम चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या कुछ खास लोगों को निगम प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है?चयनात्मक कार्रवाई से नगर निगम की मंशा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर छोटी जगहों पर तुरंत बुलडोजर चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बड़े स्तर पर हो रही अवैध प्लाटिंग पर चुप्पी समझ से परे है।यदि समय रहते इन मामलों में भी कार्रवाई नहीं की गई, तो यह न केवल शहर के नियोजित विकास को प्रभावित करेगा, बल्कि आम जनता का भरोसा भी प्रशासन से उठ सकता है।


