सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी
माधव नगर थाना क्षेत्र में बिना अनुमति बोरिंग, कार्रवाई की उठी मांग
कटनी— जिले में अवैध बोरिंग पर प्रतिबंध के बावजूद नियमों का खुला उल्लंघन सामने आ रहा है। माधव नगर थाना अंतर्गत निवार चौकी क्षेत्र के अस्पताल रोड स्थित पंचायत भवन के पास बिना अनुमति बोरिंग किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।मेसूत्रों के अनुसार, बोरिंग मशीन संचालक प्रशासन के आदेशों को दरकिनार कर रात के अंधेरे में ही नहीं बल्कि दिनदहाड़े भी बिना अनुमति बोरिंग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बिना किसी जांच या अनुमति के धड़ल्ले से बोरिंग का कार्य जारी है, जिससे प्रशासनिक आदेशों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।गौरतलब है कि जिला कलेक्टर कटनी द्वारा पूर्व में ही बिना अनुमति बोरिंग पर सख्त प्रतिबंध के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद मशीन संचालकों द्वारा खुलेआम नियमों की अनदेखी की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से न केवल जल संसाधनों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है, बल्कि कानून व्यवस्था की भी अनदेखी हो रही है। नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए बोरिंग मशीनों को जब्त किया जाए और संबंधित संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करने का साहस न कर सके।प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


