MP Morning News: मध्यप्रदेश में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई शहरों में तापमान में अचानक 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है। बीते शनिवार को रतलाम में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड स्तर रहा, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वही भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभागों में सबसे ज्यादा तपिश महसूस की जा रही है। नर्मदापुरम में 39.4°C और धार में 39.2°C तापमान दर्ज हुआ।
अब चलेगी लू
प्रदेश के 5 बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म (38°C) रहा। इंदौर में 37.6°C, भोपाल में 36.8°C और जबलपुर में 36.6°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि ग्वालियर में पारा 35.8°C रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में लू का असर और बढ़ सकता है।
भोपाल में ‘पर्स स्नैचिंग’ वारदात
राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दो महिलाओं की जान जोखिम में डाल दी। रायसेन रोड पर बिजली कॉलोनी के सामने सरेराह लूट की वारदात को अंजाम दिया। नरेला सकरी से अपनी सहेली के घर से लौट रही दो महिलाओं की स्कूटी पर पीछे से आए बदमाशों ने झपट्टा मारा, जिससे महिला की गर्दन साइड पर्स के पट्टे में फंस गई और स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। हादसे में एक महिला का सिर फट गया और हाथ-पैर टूट गए। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बदमाश पर्स झपटकर फरार हो गए, जिसमें मोबाइल और 1200 रूपए नगद रखे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आज मिलेगी लाड़ली बहनों को सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सीहोर जिले के आष्टा के दौरे पर रहेंगे। यहां वे एक विशाल ‘लाड़ली बहना सम्मेलन’ में शामिल होंगे और जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। सीएम मोहन सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री आष्टा में एक भव्य रोड-शो करेंगे, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद वे कार्यक्रम के दौरान 184 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही सुबह 11:50 बजे सीएम लाड़ली बहनों को संबोधित करेंगे।
MP में लॉरेंस का शूटर बेनकाब
मुरैना से पकड़े गए आरोपी प्रदीप शुक्ला ने एसटीएफ की पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। प्रदीप के सीधे तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात गुर्गे हैरी बॉक्सर से जुड़े पाए गए हैं। प्रदीप को मध्यप्रदेश में लॉरेंस गैंग का नेटवर्क बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी। वह हैरी बॉक्सर के लिए शूटर हायर करता था। पूछताछ में पता चला है कि हर वारदात के लिए शूटरों को 2 से 3 लाख रुपये दिए जाते थे। आरोपी लंबे समय से कई राज्यों में फरारी काट रहा था और पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। फिलहाल प्रदीप 17 तारीख तक STF की रिमांड पर है, जिससे और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।


