रीवा/खबर डिजिटल/अरविन्द तिवारी/ “मैं अपने बच्चों से मिलने के लिए तरस गया…” सोशल मीडिया पर वायरल भावुक वीडियो के बाद रीवा में एक युवक का शव सड़क किनारे संदिग्ध हालात में मिला है। युवक ने सुसाइड से पहले ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। रीवा के रायपुर कर्चुलियान क्षेत्र में रहने वाले चंदन पारसी ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने पत्नी और बच्चों से अलग रहने की पीड़ा बताते हुए ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए।
वीडियो में युवक ने कहा कि वह कई दिनों से खाना नहीं खा पाया और अब जिंदगी खत्म करने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक चंदन मूल रूप से चित्रकूट का निवासी था और रीवा में अपनी मां के साथ रह रहा था। करीब छह साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन वैवाहिक विवाद लगातार बने रहे।
परिजनों का आरोप है कि वह बच्चों से मिलने जाता था तो उसे धमकियां मिलती थीं। डीएसपी हेडक्वार्टर उदित मिश्रा के अनुसार युवक का शव सीतापुर मोड़ के पास मिला है। शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की आशंका जताई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


