सिवनी/खबर डिजिटल/विशाल भारद्वाज/ जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने शनिवार दोपहर लुघरवाड़ा शराब दुकान के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 121 पेटी बीयर और एक पिकअप वाहन जब्त किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लुघरवाड़ा शराब दुकान के सामने एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में अवैध रूप से शराब भरकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में 121 कार्टन बीयर (ब्रांड MOUNTS 6000) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 1452 लीटर और अनुमानित कीमत 2 लाख 67 हजार 289 रुपये आंकी गई।
वाहन चालक से जब शराब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए तो उसने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से एक अन्य वाहन से संबंधित बिल्टी पेश की। दस्तावेजों की जांच में स्पष्ट हुआ कि शराब को अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से लुघरवाड़ा से नगझर शराब दुकान ले जाया जा रहा था।


