सबहेड:–
अपहरण कर ले जाकर दुष्कर्म करने वाला अपचारी बालक गिरफ्तार, बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया
सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी
कटनी– पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बिलहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपहृत नाबालिग बालिका को हैदराबाद से सुरक्षित दस्तयाब किया गया है, जबकि आरोपी अपचारी बालक को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अपहृत बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एवं थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेन्द्र मिश्रा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई।प्रकरण के अनुसार 11 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने थाना कुठला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री 10 अप्रैल को सुबह करीब 10 बजे शासकीय स्कूल बिलहरी रिजल्ट लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। परिजनों द्वारा तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई।पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी एवं पारंपरिक तरीकों से जांच शुरू की। विवेचना के दौरान बालिका के हैदराबाद में होने की जानकारी मिली, जिस पर तत्काल पुलिस टीम रवाना की गई। टीम ने 17 अप्रैल 2026 को हैदराबाद से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया।आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से वारंट जारी होने पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह सिवनी भेज दिया गया।सराहनीय भूमिका:इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा, उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राम सिंह, दामोदर राव, प्रधान आरक्षक संतोष, भरत, सविता तिवारी, आरक्षक दिलकेश्वर, संदीप भलावी, सौरभ जैन, विकास एवं महिला आरक्षक पूजा द्विवेदी सहित अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
