सिवनी/ राकेश यादव/ छपारा। सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवतामऊ गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शादी के महज पांच दिन बाद नई नवेली दुल्हन की अचानक मौत हो जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार देवतामऊ निवासी कल्याण धुर्वे (25) का विवाह 22 अप्रैल को छिंदवाड़ा जिले के चौरई थाना क्षेत्र के लिखड़ी गांव निवासी कविता धुर्वे (लगभग 20 वर्ष) के साथ संपन्न हुआ था। विवाह के बाद सभी रस्में पूरी होने के पश्चात दुल्हन अपने मायके चली गई थी।
बताया जाता है कि 25 अप्रैल को पति कल्याण धुर्वे अपनी पत्नी को विदा कराकर बाइक से देवतामऊ गांव वापस लौट रहे थे। रास्ते में गांव पहुंचने से करीब 20 किलोमीटर पहले कविता की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन किसी तरह उसे घर लेकर पहुंचे, लेकिन कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दी गई। इसके बाद शव को छपारा अस्पताल लाया गया, जहां नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इस दुखद घटना से दोनों परिवारों में शोक की लहर है। शादी की खुशियां कुछ ही दिनों में मातम में बदल जाने से गांव में भी गहरा दुख व्याप्त है।
