Rewa Google Boy: रीवा की प्रतिभा ने एक बार फिर दुनिया को चौंका दिया है। महज 2 साल 11 महीने की उम्र में रीवा के नन्हे अभिराज तिवारी ने इतिहास रच दिया है। इंग्लिश डिक्शनरी के सबसे लंबे और कठिन शब्दों को सिर्फ 16 सेकंड में बोलकर अभिराज का नाम लंदन की World Book of Records में दर्ज हो गया है। विंध्य की धरती को प्रतिभाओं की खान कहा जाता है और इसे सच साबित किया है सेमरिया विधानसभा के बकिया गांव के रहने वाले नन्हे अभिराज तिवारी ने।
महज 2 साल 11 महीने की उम्र में अभिराज ने इंग्लिश डिक्शनरी के सबसे लंबे और कठिन शब्दों का मात्र 16 सेकंड में सटीक उच्चारण कर विश्व रिकॉर्ड बना दिया। अभिराज की माँ के मुताबिक, वह बचपन से ही असाधारण प्रतिभा का धनी है और शब्दों को बेहद तेजी से सीखता है। खेल-खेल में उसने ऐसे कठिन अंग्रेजी शब्द बोलना शुरू किया, जिन्हें बोलने में बड़ों के भी पसीने छूट जाते हैं।
इसी अद्भुत क्षमता के चलते उसे R1 कैटेगरी में सबसे कम समय में लंबे शब्द बोलने का विश्व रिकॉर्ड दिया गया है। सेमरिया के छोटे से गांव से निकलकर लंदन तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले अभिराज की इस उपलब्धि पर पूरे रीवा जिले में खुशी की लहर है। लोग प्यार से उसे “रीवा का गूगल बॉय” कह रहे हैं।
