सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी, 07 मई संयुक्त तहसील भवन में आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी ने अधिकारियों को लंबित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में तहसील कटनी नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के राजस्व कार्यों, धारणाधिकार प्रकरणों और पीएम किसान योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।एसडीएम श्री चतुर्वेदी ने कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि किसानों से जुड़े मामलों का सहानुभूतिपूर्वक निराकरण किया जाए। उन्होंने पटवारियों को लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में जनगणना और फार्मर रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।पीएम किसान योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उनके आवेदन पीएम किसान पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही तकनीकी समस्याओं के कारण आवेदन नहीं कर पा रहे किसानों की अलग सूची तैयार कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में गैर न्यायिक तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को प्रतिदिन उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।समीक्षा बैठक में तहसीलदार अजीत तिवारी, प्रभारी तहसीलदार अतुलेश सिंह बघेल, आकाश नीरज, अवंतिका तिवारी, नायब तहसीलदार साक्षी शुक्ला एवं आशीष चतुर्वेदी सहित राजस्व निरीक्षक और पटवारी उपस्थित रहे
लंबित राजस्व प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण के निर्देश, उपार्जन केंद्रों के रोजाना निरीक्षण पर जोर
सम्बंधित ख़बरें
