डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ शहपुरा में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। एक शिक्षक का 50 हजार रुपए से भरा बैग होटल से पलक झपकते चोरी हो गया। पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मालपुर गांव के रहने वाले शिक्षक सुघर बरमैया सोमवार सुबह करीब 11 बजे शहपुरा स्थित बैंक पहुंचे थे। उन्होंने अपने खाते से 50 हजार रुपए नकद निकाले। शिक्षक ने पुलिस को बताया कि वे मोबाइल से लेन-देन नहीं करते। हर महीने वेतन नकद ही निकालते हैं।
यह रकम उन्होंने अपने बेटे और बेटी की पढ़ाई के लिए निकाली थी। उनका बेटा डिंडोरी में और बेटी जबलपुर में पढ़ाई कर रही है। फीस और अन्य खर्च के लिए ही उन्होंने इतनी बड़ी रकम निकाली थी।
पानी पीते समय हुई चोरी
बैंक से पैसे निकालने के बाद शिक्षक कुछ काम से तहसील कार्यालय गए। वहां से वे पैदल रेस्ट हाउस के सामने गुप्ता होटल पहुंचे। गर्मी के कारण उन्होंने होटल में रुककर पानी पिया। पानी पीते समय उन्होंने रुपयों से भरा बैग अपने पास ही कुर्सी पर रख दिया।
इसी दौरान एक युवक मौके का फायदा उठाकर बैग लेकर भाग गया। शिक्षक कुछ समझ पाते, तब तक वह काफी दूर निकल चुका था।
होटल मालिक ने बताया कि CCTV में चोरी की पूरी घटना दिख रही है। आरोपी युवक ने सिर पर कैप पहन रखी थी ताकि चेहरा साफ न दिखे। बैग चुराने के बाद वह तेजी से होटल के बाहर गया और पहले से खड़ी काले रंग की बाइक पर बैठकर भाग निकला।
पुलिस को शक है कि आरोपी पहले से ही शिक्षक के पीछे लगा था। बैंक से ही उसने शिक्षक की रेकी की होगी। जैसे ही मौका मिला, उसने होटल में वारदात कर दी।
एएसआई घसीटा राम रजक ने बताया, “शिक्षक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। होटल का CCTV फुटेज ले लिया गया है। साथ ही बैंक से लेकर होटल तक के रास्ते में लगे अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।”
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालते समय सतर्क रहें। हो सके तो डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल करें। अकेले न जाएं और रकम को थैले या बैग में सबके सामने न रखें। फिलहाल पुलिस CCTV के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
