राजगढ़ जिले के पचोर शहर में बीती देर रात एक पेट्रोल पंप पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे लोगों की लंबी कतार के बीच अचानक एक बाइक में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़े डीजल टैंकर सहित पूरे पेट्रोल पंप को अपनी चपेट में ले लिया।
यह दर्दनाक हादसा पचोर शहर स्थित मैसर्स चुन्नीलाल मुन्नीलाल एंड संस भारत पेट्रोलियम पंप पर हुआ। बताया जा रहा है कि आग लगते ही बाइक सवार घबरा गया और जलती हुई बाइक वहीं छोड़कर भाग निकला। पास में डीजल खाली कर रहे टैंकर ने भी आग पकड़ ली और पूरा परिसर आग के गोले में तब्दील हो गया।
इस भीषण अग्निकांड में करीब 13 लोग झुलस गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में करीब 15 मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं। घायलों में से 7 को शाजापुर रेफर किया गया है, जबकि एक गंभीर घायल को इंदौर भेजा गया है। एक पेट्रोल पंप कर्मचारी की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद मौके पर प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि पेट्रोल पंप घनी आबादी के बीच स्थित है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
