भोपाल। रचना नगर अंडरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक बामने के तौर पर हुई है जो गौतम नगर का रहने वाला है। बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में मृतक की मां ने पड़ोसी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
घटना गोविंदपुरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह सूचना मिली कि रचना नगर अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में युवक के ट्रेन की चपेट में आने की बात सामने आई है
मां ने पड़ोसी पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक की मां कृष्णा बामने ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मंगलवार रात किसी लड़की को लेकर अशोक और पड़ोसी के बीच विवाद हुआ था। उस समय अशोक नशे की हालत में था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। मां का आरोप है कि देर रात पड़ोसी घर में घुस आया और उनके चारों बेटों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि मारपीट के बाद अशोक को जबरन रेलवे ट्रैक तक ले जाया गया और ट्रेन के सामने धक्का दे दिया गया। परिवार ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सुबह पुलिस से मिली मौत की जानकारी
परिजनों के मुताबिक उन्हें घटना की जानकारी सुबह पुलिस के जरिए मिली। पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि रेलवे ट्रैक पर अशोक का शव मिला है। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। बताया जा रहा है कि अशोक अविवाहित था और मजदूरी करके परिवार का गुजारा चलाने में मदद करता था। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।
हत्या या आत्महत्या पुलिस जांच में जुटी
गोविंदपुरा थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की असली वजह स्पष्ट हो सके। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों के बयान भी दर्ज कर रही है। साथ ही विवाद और मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
