Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशCM Kanya Vivah Yojana Dindori: सजी 200 बेटियों की डोली, मांदर की...

CM Kanya Vivah Yojana Dindori: सजी 200 बेटियों की डोली, मांदर की थाप पर झूमे मंत्री-विधायक

CM Kanya Vivah Yojana Dindori: सजी 200 बेटियों की डोली, मांदर की थाप पर झूमे मंत्री-विधायक

डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ CM Kanya Vivah Yojana Dindori शहपुरा मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मंगलवार को शहपुरा के रानी दुर्गावती स्टेडियम में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस पवित्र अवसर पर शहपुरा और मेंहदवानी जनपद क्षेत्र के 200 जोड़े वैदिक मंत्रों और हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे।

समारोह की शुरुआत सुबह से ही हो गई थी। सामुदायिक भवन से सभी 200 वधुओं को सज-धजकर मुख्य समारोह स्थल तक लाया गया। वहीं, वर पक्ष की बारात नगर के मुख्य मार्गों से बैंड-बाजे और गुदुम की धुन पर नाचते-गाते हुए रानी दुर्गावती स्टेडियम पहुंची। पूरे माहौल में पारंपरिक लोकगीतों और मांदर की थाप ने उत्सव का रंग भर दिया।

इस सामूहिक विवाह समारोह में प्रदेश सरकार की मंत्री सम्पतिया उईके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी अतिथियों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी जीवन की कामना की।

स्टेडियम में बने भव्य मंडप में धर्मगुरुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सभी 200 जोड़ों का विवाह संस्कार कराया। फेरों के दौरान पूरा स्टेडियम तालियों और मंगल कामनाओं से गूंज उठा। विवाह के बाद विधायक ओमप्रकाश धुर्वे एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवदंपत्तियों को उपहार स्वरूप बर्तन, वस्त्र और अंगूठी भेंट की।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सरकार की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े के संयुक्त बैंक खाते में 49 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे ऑनलाइन भेजी गई। इस राशि से नवदंपत्ति अपने नए जीवन की शुरुआत आसानी से कर सकेंगे।

विधायक शहपुरा ओम प्रकाश धुर्वे ने कहा “मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान है। इस योजना से बेटियों के माता-पिता पर विवाह का आर्थिक बोझ नहीं पड़ता। प्रदेश सरकार बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है।”

मंत्री सम्पतिया उईके ने कहा कि “यह योजना केवल विवाह कराने की योजना नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता और बेटियों के सम्मान का प्रतीक है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए वचनबद्ध है। आज 200 बेटियों का घर बसाकर हमें बहुत खुशी हो रही है।”

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि “मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने हजारों जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहारा दिया है। दहेज जैसी कुप्रथा को रोकने में भी यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।”

कलेक्टर डिंडौरी अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि “जिला प्रशासन का प्रयास है कि शासन की हर योजना का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। इस समारोह को सफल बनाने में लगे सभी विभागों और कर्मचारियों को मैं बधाई देती हूं।”

समारोह की खास बात यह रही कि विवाह संपन्न होने के बाद मंत्री सम्पतिया उईके और विधायक ओमप्रकाश धुर्वे खुद को रोक नहीं पाए और पारंपरिक मांदर की थाप पर स्थानीय कलाकारों के साथ लोकनृत्य में शामिल हो गए। उन्होंने नवदंपत्तियों का उत्साह बढ़ाया और सभी को बधाई दी।

शहपुरा में आयोजित इस सामूहिक विवाह ने 200 परिवारों के जीवन में खुशियों के रंग तो भरे ही, साथ ही समाज को एकता और समरसता का संदेश भी दिया। एक ही मंडप के नीचे, एक साथ 200 शादियों ने यह साबित कर दिया कि सरकार की योजनाएं किस तरह आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही हैं।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट