खबर डिजिटल संवाददाता कटनी – जिले में अवैध रेत परिवहन थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासनिक सख्ती और लगातार कार्रवाई के दावों के बावजूद रेत माफिया खुलेआम सक्रिय हैं। इसी बीच बड़वारा पुलिस ने ग्राम निगहरा मोड़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरे 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त किए हैं।जानकारी के अनुसार पुलिस गश्त के दौरान एक बिना नंबर प्लेट का महिन्द्रा ट्रैक्टर अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम उमेश कुमार पटेल निवासी गणेशपुर बताया। वहीं कुछ ही देर बाद एक अन्य महिन्द्रा 575 ट्रैक्टर भी रेत से भरी ट्रॉली के साथ पकड़ा गया, जिसे दिलबहार कोल चला रहा था।पुलिस ने जब दोनों चालकों से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई अनुमति पत्र या रॉयल्टी संबंधी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों को जप्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया और आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।हालांकि लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिरकार जिले में अवैध रेत का कारोबार इतनी आसानी से कैसे जारी है? बिना नंबर प्लेट और खुलेआम रेत से भरे वाहन सड़कों पर कैसे दौड़ रहे हैं? स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय कई क्षेत्रों में धड़ल्ले से रेत का उत्खनन और परिवहन जारी रहता है, लेकिन कार्रवाई केवल चुनिंदा मामलों तक सीमित रह जाती है।बहरहाल, पुलिस ने कार्रवाई कर अपनी सक्रियता दिखाई है, लेकिन अवैध खनिज कारोबार पर पूरी तरह रोक कब लगेगी, यह अब भी बड़ा सवाल बना हुआ है।
कटनी में रेत का काला खेल जारी, पुलिस ने फिर पकड़े अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर
सम्बंधित ख़बरें
