कटनी/सौरभ श्रीवास्तव/ खबरडिजिटल। जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र से पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। नारायण शाह वार्ड निवासी आकांश उर्फ काव्या इदनानी ने पुलिस अधीक्षक कटनी को शिकायत सौंपते हुए कुछ स्थानीय लोगों सहित थाना प्रभारी माधवनगर और एक आरक्षक पर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी एवं अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार 17 मई 2026 की रात लगभग 12 बजे आवेदिका के पति गोविंद इदनानी का पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। सूचना मिलने पर काव्या अपने ससुर के साथ मुड़वारा स्टेशन के पास स्थित सोनू फास्ट फूड के पास पहुंची, जहां कथित रूप से आरोपियों ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मौके पर पहुंचे माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने कार्रवाई करने के बजाय स्वयं महिला के साथ अभद्रता और मारपीट की।
आवेदिका का आरोप है कि थाना प्रभारी द्वारा सीने और गर्दन में मुक्का मारने, बाल पकड़कर धक्का देने और अश्लील गालियां देने जैसी हरकत की गई। इतना ही नहीं, कोतवाली थाना ले जाने के बाद भी पुलिसकर्मियों द्वारा शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई।
महिला ने अपने मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट को भी शिकायत के साथ साक्ष्य के रूप में संलग्न किया है। साथ ही मुड़वारा स्टेशन क्षेत्र, सोनू फास्ट फूड के आसपास और कोतवाली थाना परिसर के CCTV फुटेज सुरक्षित कर जांच कराने की मांग की गई है।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह केवल कानून व्यवस्था ही नहीं बल्कि पुलिस विभाग की छवि पर भी गंभीर चोट मानी जाएगी।
आवेदिका ने पुलिस अधीक्षक कटनी, पुलिस महानिदेशक भोपाल, पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर एवं महिला आयोग भोपाल से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
