Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशआलीराजपुरआलीराजपुर: रास्ता विवाद में लाठियों से हमला, 32 साल के बामनिया की...

आलीराजपुर: रास्ता विवाद में लाठियों से हमला, 32 साल के बामनिया की मौत, पिता की हालत गंभीर

आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर भाबरा थाना क्षेत्र के ग्राम छोटी पोल में रास्ता देने की मामूली बात ने खूनी रूप ले लिया। दबंगों ने पिता-पुत्र पर फालिया और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 32 वर्षीय शैतान बामनिया ने दाहोद अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता रमेश बामनिया जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

रास्ता मांगना पड़ा भारी

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम छोटी पोल तड़वी फलिया निवासी शैतान बामनिया अपनी दुकान से बड़ी पोल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पांगला बाबूजी के आम बगीचे के पास रोड मोड़ पर एक कार (GJ 20 CB 5040) बीच सड़क पर खड़ी थी, जिससे रास्ता बंद हो गया था।

शैतान ने कार साइड में लगाने की बात कही तो कार में बैठे माधू मावी, विक्रम मावी और नकेश मावी उर्फ भड़क गए। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गया। आरोपियों ने फालिया और लाठियां निकाल लीं और शैतान पर हमला बोल दिया।

बेटे को बचाने पहुंचे पिता, दोनों पर बरसाए वार

हमले से बचने के लिए शैतान भागने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसे घेर लिया। इसी बीच उसका पिता रमेश बामनिया मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। रमेश के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने शैतान के सिर, पीठ और पसलियों पर लगातार फालिया और डंडों से वार किए। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि दोनों पिता-पुत्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

घायल पिता-पुत्र को गाड़ी में(GJ 20CB 5040)डालकर ले गए आरोपी

घटना के बाद आरोपी दोनों घायलों को जबरन अपनी गाड़ी GJ 20CB5040 में बैठाकर ग्राम रठौड़ी ले गए और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में मौका मिलते ही शैतान वहां से भाग निकला और अपने भाई विनोद की मदद से गंभीर घायल पिता को लेकर सरकारी अस्पताल चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचा।

दोनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दाहोद रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान शैतान बामनिया ने दम तोड़ दिया।

बेटे की मौत से गांव में आक्रोश

युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस भी सतर्क हो गई है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी माधू मावी सहित विक्रम मावी, नकेश मावी और अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शिवराम तरोले ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट