सिवनी/राकेश यादव/ बंडोल शराब दुकान के सामने सड़क किनारे बैठकर खुलेआम शराब सेवन किए जाने की खबर को ,खबर डिजीटल द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। गुरुवार शाम बंडोल थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे शराब पी रहे लोगों को वहां से खदेड़ा और सख्त हिदायत दी।
कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी क्षेत्रभर में चर्चा बनी हुई है। लंबे समय से राहगीरों, छात्राओं एवं महिलाओं द्वारा शराब दुकान के आसपास लगने वाली भीड़ और खुलेआम शराबखोरी को लेकर शिकायतें की जा रही थीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई होती रही तो वहां से गुजरने वाले राहगीरों, छात्रों और महिलाओं को भयमुक्त वातावरण मिल सकेगा। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से शराब पीकर सड़क किनारे बैठने वालों में भी हड़कंप और भय का माहौल देखा गया। क्षेत्रवासियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए नियमित निगरानी और कार्रवाई की मांग की है।
