भोपाल। मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही कांग्रेस में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी को उम्मीद है कि मौजूदा विधानसभा गणित के आधार पर वह एक सीट जीत सकती है। हालांकि, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ने के संकेतों के बाद कांग्रेस के सामने मजबूत और सर्वमान्य उम्मीदवार चुनने की चुनौती खड़ी हो गई है।
कांग्रेस की राज्यसभा सूची में कौन?
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा की संभावित उम्मीदवारी को लेकर कई वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं।
कमलनाथ
कमलेश्वर पटेल
जीतू पटवारी
अरुण यादव
सज्जन सिंह वर्मा
क्रॉस वोटिंग का गणित बढ़ा रहा कांग्रेस की चिंता
कांग्रेस के लिए चुनावी गणित आसान नहीं माना जा रहा है। पार्टी के पास सीमित संख्या बल होने के कारण क्रॉस वोटिंग की आशंका भी बनी हुई है। विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने और विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान में हिस्सा नहीं लेने की संभावना ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं बीना विधायक निर्मला सप्रे के रुख पर भी राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।
21 जून को खत्म होगा तीन सांसदों का कार्यकाल
भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। देश के 12 राज्यों की 26 सीटों पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा। मध्यप्रदेश में जिन तीन सीटों पर चुनाव होना है, उनमें कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, सुमेर सिंह सोलंकी और जॉर्ज कुरियन का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।
ये भी पढ़ें..
