Datia Bjp: मध्य प्रदेश की सबसे हॉट सीटों में शुमार दतिया विधानसभा क्षेत्र में संभावित उपचुनावों की सुगबुगाहट के बीच कांग्रेस को बड़ा और तगड़ा झटका लगा है। आगामी चुनावी दंगल से ठीक पहले पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस खेमे में एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। बीते रविवार को दतिया में आयोजित एक जॉइनिंग कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस से जुड़े 250 से अधिक सक्रिय युवाओं और प्रतिनिधियों ने एक साथ कांग्रेस को अलविदा कह दिया। इस बड़े फेरबदल को दतिया अंचल में कांग्रेस की सियासी पकड़ के लिए एक बेहद तगड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।
नरोत्तम ने पहनाई भाजपा की पट्टी
भाजपा के इस शक्ति प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाह उपस्थित रहे। दोनों ही नेताओं ने कांग्रेस छोड़कर आए सभी नए सदस्यों का भगवा पट्टिका पहनाकर और मिठाई खिलाकर भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता में स्वागत किया।
अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग के युवा शामिल
भाजपा की रणनीति इस बार सर्वसमाज को साधने की नजर आ रही है। पार्टी का दामन थामने वाले प्रमुख चेहरों में दीपक माली, सानू अली, जाकिर हुसैन, बेटू खान, अक्षय रावत, राज सेनी, कृष्णा सेनी, रफीक खान, रवि माली और अंश रावत समेत कई समाजों के सैकड़ों युवा व प्रतिनिधि शामिल रहे। इतनी बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के युवाओं की मौजूदगी ने दतिया के आगामी चुनावी समीकरणों को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है।
क्या बोले नरोत्तम मिश्रा?
नए सदस्यों को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा अपने पुराने आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा। भारतीय जनता पार्टी की जनहितैषी और राष्ट्रवादी नीतियां ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश और मध्य प्रदेश जिस तेज रफ्तार से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं, उसका सीधा असर धरातल पर आम जनता तक पहुंच रहा है। यही वजह है कि विपक्ष की खोखली राजनीति को छोड़कर लोग स्वतः ही राष्ट्र निर्माण के लिए भाजपा परिवार से जुड़ रहे हैं। युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग की यह भागीदारी ही आगामी दिनों में विपक्ष के सूपड़े साफ होने का मुख्य कारण बनेगी।
दतिया को बनाएंगे भाजपा का अभेद्य किला
कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता लेने वाले युवाओं ने पार्टी संगठन के प्रति अपनी पूरी निष्ठा व्यक्त की। नए सदस्यों ने मंच से संकल्प लेते हुए कहा कि वे आने वाले दिनों में होने वाले दतिया के चुनावी रण में चौबीसों घंटे जमीन पर काम करेंगे और भाजपा उम्मीदवार को ऐतिहासिक और रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाने के लिए पूरा दम झोंक देंगे।
दतिया का सियासी गणित
राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि दतिया परंपरागत रूप से डॉ. नरोत्तम मिश्रा का बेहद मजबूत गढ़ रहा है। पिछले कुछ समय से लगातार हो रही इस तरह की बड़ी जॉइनिंग्स ने भाजपा के जमीनी आधार को और अधिक सशक्त बना दिया है। इसके विपरीत, स्थानीय स्तर पर कांग्रेस लगातार बिखरती हुई नजर आ रही है, जहां पार्टी के पास कोई बड़ा चेहरा नही बचा है और न ही बूथ स्तर पर काम करने वाले मजबूत कार्यकर्ताओं की टोली।
