वैशाली/खबर डिजिटल/अजीत रेनू / वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड स्थित मधुरापुर नया टोला घाट पर शनिवार सुबह गंगा किनारे एक विशाल घड़ियाल दिखने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। रेत पर धूप सेंकते हुए विचरण कर रहे घड़ियाल को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत के साथ-साथ कौतूहल भी दिखा। देखते ही देखते दुर्लभ नजारा देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों की भीड़ घाट पर जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह 8 बजे के आसपास गंगा की रेत पर करीब 10-12 फीट लंबा घड़ियाल आराम से घूम रहा था। सूचना फैलते ही मधुरापुर, बिदुपुर और आसपास के गांवों से लोग मोबाइल और कैमरे लेकर घाट पर पहुंच गए। कई लोगों ने घड़ियाल के वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
वन विभाग लापता, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
घड़ियाल दिखने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को खबर की। लेकिन समाचार लिखे जाने तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। विभाग की सुस्ती से नाराज ग्रामीणों ने खुद ही सतर्कता बरतनी शुरू कर दी। बच्चों और महिलाओं को घाट की तरफ जाने से रोका जा रहा है और नदी किनारे न जाने की मुनादी कराई जा रही है। गांव वालों का कहना है कि घड़ियाल अचानक हमला कर दे तो बड़ा हादसा हो सकता है।
विशेषज्ञ बोले – जलस्तर और मौसम की वजह
स्थानीय लोगों और वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, गंगा में जलस्तर घटने और मौसम बदलने पर घड़ियाल धूप सेंकने या प्रजनन के लिए रेत पर आ जाते हैं। कुछ घंटे बाद ये खुद-ब-खुद नदी में लौट जाते हैं। फिलहाल मधुरापुर घाट पर दहशत और उत्सुकता दोनों का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत टीम भेजकर घड़ियाल को सुरक्षित नदी में पहुंचाने और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
