जबलपुर/खबर डिजिटल/मनीष तिवारी/ मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत जबलपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजे Ganja की तस्करी में लिप्त एक अंतरराज्यीय आरोपी को धरदबोचा है।
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 16 लाख 65 हजार रुपये मूल्य का 33 किलो 300 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, 2740 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की क्रेटा कार जब्त की है। यह सफलता पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में क्राइम ब्रांच और बरेला थाना पुलिस की संयुक्त घेराबंदी के दौरान मिली, जब मुखबिर की सटीक सूचना पर शारदा मंदिर तिराहे के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रोका गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 57 वर्षीय बुलराजू पिता वेंकट राव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम गोदावरी आंध्र प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में तिलवारा क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह गांजा ओडिशा के टिटलागढ़ टाउन से एक अज्ञात व्यक्ति के जरिए खरीदकर लाता था और यहाँ भानतलैया निवासी शुभम सोनकर को बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बरेला थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है, वहीं मामले से जुड़े अन्य नेटवर्क की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
