मैहर/खबर डिजिटल/अनुराग सिंह बघेल/ नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस द्वारा सरकार के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल रोकने की तैयारी कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने स्टेशन पहुंचने से पहले ही रोक लिया और करीब 20 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
युवा संवाद कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन की ओर कूच कर गए। उनका उद्देश्य नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक के विरोध में रेल रोककर प्रदर्शन करना था। हालांकि पुलिस को पहले ही आंदोलन की सूचना मिल चुकी थी। इसके चलते रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल एवं आरपीएफ ओर जीआरपी बल तैनात कर दिया गया था स्टेशन गेट पर भारी बैरिकेटिंग की गई थी। ताकि सुरक्षा व्यवस्था को कोई भेद न पाए।
जैसे ही प्रदर्शनकारी स्टेशन की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर तक नोकझोंक की स्थिति बनी रही, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 20 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा की माँग की गई। जबकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और रेल यातायात बाधित होने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
