खबर डिजिटल संवाददाता कटनी— सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कटनी यातायात पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। थाना एनकेजे क्षेत्र अंतर्गत सरसवाही मार्ग स्थित सुर्खी टैंक ब्लैक स्पॉट पर विशेष सुरक्षा एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया है।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए। इस दौरान सड़क सुरक्षा संबंधी चेतावनी फ्लेक्स, संकेतक बोर्ड एवं जागरूकता संदेश स्थापित कराए गए हैं।इन बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य दुर्घटनाओं की संभावना को कम करते हुए लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।यातायात पुलिस ने स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर न केवल स्वयं का बल्कि अन्य लोगों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।कटनी यातायात पुलिस द्वारा भविष्य में जिले के अन्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का भी सर्वेक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। यह पहल सुरक्षित, सुगम और दुर्घटना मुक्त यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगी।अपील :”सावधानी हटी, दुर्घटना घटी।””धीमी गति – सुरक्षित यात्रा।””हेलमेट और सीट बेल्ट आपका सुरक्षा कवच हैं।
“
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097
