Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशJitu Patwari News: जीतू पटवारी के करीबी पर जानलेवा हमला, गिरफ्तारी की...

Jitu Patwari News: जीतू पटवारी के करीबी पर जानलेवा हमला, गिरफ्तारी की मांग तेज

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के रिश्तेदार संजय पटेल पर इंदौर जिले में जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. घटना मानपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां कुछ लोगों ने कथित रूप से संजय पटेल को पहले वाहन से टक्कर मारी और बाद में उन पर घातक हमला कर दिया. हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया.

खेत जाते समय हुआ हमला

पुलिस के अनुसार संजय पटेल रविवार सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे. वह मोटरसाइकिल से दूध निकालने के लिए निकले थे. इसी दौरान एबी रोड स्थित एक पंजाबी ढाबे के पास अचानक एक सफेद कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर लगने से वह सड़क किनारे गिर पड़े. परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद कार चालक ने वाहन को पीछे लेते हुए संजय के ऊपर चढ़ाने की कोशिश भी की. इसके बाद कार में सवार कई लोग नीचे उतरे और उन्होंने संजय को घेर लिया.

लाठी-डंडों और तलवार से हमला

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने संजय पटेल पर लाठी, डंडों और तलवार से हमला किया. इस हमले में उनके हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. परिवार का दावा है कि दोनों हाथों और दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है. घायल अवस्था में उन्हें पहले मानपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर कर दिया गया.

दो दिन पहले हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि इस घटना की पृष्ठभूमि में दो दिन पहले हुआ एक विवाद है. 12 जून को नाली निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प हुई थी. उस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. एक पक्ष ने मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने के आरोप लगाए थे, जबकि दूसरे पक्ष ने भी पत्थरबाजी और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की थी.

गिरफ्तारी की मांग को लेकर बढ़ा आक्रोश

हमले की खबर फैलते ही यशवंतनगर और आसपास के गांवों के लोग मानपुर थाने पहुंच गए. ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. उनका कहना है कि इतने गंभीर मामले में तत्काल कार्रवाई जरूरी है. थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट